बैंक के कैश काउंटर से नगर के लोहा व्यापारी राजीव खंडेलवाल के 98 हजार रुपये गायब हो गए। व्यापारी कैशियर पर रुपये रखने जबकि कैशियर व्यापारी पर रुपये न देने का आरोप लगा रहा था। सूचना पर पुलिस ने जांच की, तब पता लगा कि बैंक शाखा में लगे कैमरे काम ही नहीं कर रहे हैं। इस पर व्यापारियों ने हंगामा किया।
घटना नगर के पंजाब नेशनल बैंक शाखा में अपरान्ह करीब सवा बजे की है। बैंक शाखाओं में बृहस्पतिवार को खासी भीड़ थी। पंजाब नेशनल बैंक शाखा में भी तमाम ग्राहक जमा थे। नगर के लोहा व्यापारी मोहल्ला गनेशगंज निवासी राजीव खंडेलवाल भी नगदी जमा करने को पहुंचे थे। व्यापारी ने बताया कि 98 हजार रुपये कैशियर के काउंटर पर रख दिए। कुछ देर बाद रुपये जमा की रसीद मांगने पर कैशियर ने रुपये न मिलने की जानकारी दी। इस पर कैशियर और व्यापारी में नोकझोंक होने लगी। व्यापारी का कहना था कि उसने काउंटर पर अंदर की ओर रुपये रखे थे। जबकि कैशियर रुपये कांउटर पर न रखने की बात कहा रहा था। सूचना पर पुलिस बैंक शाखा पहुंची। व्यापारी नेता हाजी लाडले के नेतृत्व मेें कुछ व्यापारी भी वहां पहुंच गए। जांच में बैंक के वीडियो कैमरे न चश्लने की जानकारी पर व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों का कहना था कि भारी भीड़ पर जानबूझ कर बैंक के कैमरों को बंद किया गया। हंगामा कर रहे व्यापारियों ने कैशियर के खिलाफ कार्रवाई की मांग शाखा प्रबंधक से की। शाखा प्रबंधक ने बैंक समय के बाद कैश काउंट कराने और रुपये अधिक निकलने पर रुपये जमा की रसीद दिलवाने का आश्वान दिया। तब हंगामा कर रहे व्यापारी शांत हुए। शाम तक बैंक शाखा में भारी भीड़ के साथ लेनदेन हो रहा था।