शहर से सटे गांव नौगवां पकड़िया स्थित नया पुल घाट पर गुरुवार को ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर लोग रेता भरने गए थे। सुबह करीब छह बजे वहां तैनात ठेकेदार के मुंशी ने छह सौ रुपये प्रति ट्रॉली रॉयल्टी की रसीद काटनी शुरू की तो लोगों ने विरोध किया। चालकों का कहना था कि अभी तक उनसे सौ रुपये की रायल्टी ली जाती थी, लेकिन अब ठेकेदार की साठगांठ से छह सौ रुपये रॉयल्टी ले रहे हैं। इसी बात को लेकर मुंशी और चालकों में नोकझोंक हो गई। इससे गुस्साए चालकों ने घाट आने-जाने वाले मार्ग पर वाहन खड़ा कर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने बुलवाया। इधर खनन पट्टा धारक ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बताया कि नौगवां पकड़िया निवासी एक युवक सुबह छह बजे स्वीकृत खनन क्षेत्र में तीन-चार अन्य व्यक्तियों के साथ गया और बगैर रायल्टी की रसीद कटाए ट्रैक्टर ट्रॉली भरकर जा रहा था। मुंशी ने जब विरोध किया तो ट्रैक्टर-ट्रॉली रास्ते में रोक कर जाम लगा दिया। डीएम ने प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष के लोगों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पट्टा धारक को रेत खनन पर रॉयल्टी तय करने का अधिकार है। वह 250 रुपये प्रति ट्रॉली रॉयल्टी ले रहे थे। बरेली में 1200 रुपये की रसीद दी जा रही है। जिस पर उन्होंने गुरुवार से 600 रुपये रॉयल्टी तय की तो कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
रामबाबू, सरकारी खनन पट्टा धारक