मसूर के खेत में पानी भरकर उसमें खड़ी फसल खराब कर देने की शिकायत पर जांच करने रानीगंज गांव पहुंची सेहरामऊ उत्तरी पुलिस पर आरोपी पक्ष एवं ग्रामीणों ने हमला कर दिया गया। पुलिस किसी तरह गांव से निकलकर खुद को बचाया। पथराव और मारपीट में एसओ इंद्र कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रकरण में 12 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुरादपुर गांव निवासी भगवती पत्नी बिहारी ने खेत पर पानी भरकर उसमें खड़ी मसूर की फसल को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए रानीगंज के श्रीपाल के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी थी। इसकी जांच के लिए शनिवार देर शाम एसओ इंद्रकुमार, एचसीपी रामस्वरूप, पीआरडी जवान सुरेश, रामकिशन पुलिस जीप से गांव पहुंचे। पुलिस गांव में पहुंचकर पूछताछ करने ही वाली थी कि अचानक पुलिस पर हमला कर दिया गया। इससे पहले गांव में पुलिस आने पर लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों ने एक दूसरे को एकजुट करना शुरू कर दिया। पुलिस कुछ समझ पाती इससे पहले ही लोग लाठी, डंडे लेकर पुलिस पर हमलावर हो गए। महिलाएं भी पुलिस के खिलाफ खड़ी हो गई। अचानक पथराव होने लगा। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर मारपीट शुरु कर दी। घटना में घायल एसओ इंद्र कुमार, एचसीपी रामस्वरूप, पीआरडी जवान सुरेश, रामकिशन का सीएचसी लाकर इलाज कराया गया। अफसरों को पुलिस पर हुए हमले की जानकारी दी गई। इसके बाद रविवार को आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसा गया है। एसओ इंद्र कुमार की ओर से गांव रानीगंज निवासी सत्यपाल सिंह, उसके भाई भानु सिंह, श्रीपाल, धर्मपाल, ओमकार, पुकना, रामपाल, श्यामपाल, नरेश, सुरेश, जंगली, संजय और पंद्रह अज्ञात के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालना, सेविन क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फसल नष्ट करने को लेकर मिली तहरीर की जांच करने पुलिस रानीगंज गांव गई थी। आरोपी से पूछताछ की जाती, इससे पहले ही हमला कर दिया गया। भीड़ को पथराव न करने को काफी कहा गया, लेकिन एक न सुनी। प्रकरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही है, सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- इंद्र कुमार, एसओ सेहरामऊ उत्तरी