नकटादाना तिराहे पर बाइक की चाभी निकालने का विरोध करने पर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह ने जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी से अभद्रता की और बाइक कोतवाली में लाकर खड़ी कर दी। इससे व्यापारियों में रोष है।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी ने बताया कि नकटादाना तिराहा पर उनकी बाइक अचानक बंद हो गई। वह स्टार्ट नहीं हो रही थी। बड़ी मुश्किल से बाइक स्टार्ट हुई तो वह बिना बंद किए हुए बाइक को एक दुकान पर सामान लेने लगे। तभी एक सिपाही ने उनकी बाइक से चाभी निकाल ली। आरोप है कि जब उन्होंने सिपाही से चाभी मांगी तो चौकी इंचार्ज नाराज हो गए और अभद्रता करने लगे।
इधर चौकी इंचार्ज की अभद्रता की खबर मिलते ही तमाम व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और घटना पर नाराजगी जताई। वहीं पुलिस बाइक को कोतवाली उठा ले गई। चौकी इंचार्ज दुर्गा सिंह का कहना है कि राज्यमंत्री का काफिला पास हो रहा था। उस समय उनकी नजर एक स्टार्ट खड़ी बाइक पर पड़ी। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से बाइक की चाभी निकाल ली थी। उनका कहना है कि उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की है। जिलाध्यक्ष द्वारा बाइक की चाभी वापस न लेने पर पुलिस ने बाइक को कोतवाली लाकर खड़ा किया है।