मुखबिर की सूचना पर पशु तस्करों को पकड़ने के लिए सुनगढ़ी पुलिस ने पूरनपुर रोड पर घेराबंदी तो की, लेकिन हुआ वही जैसा अक्सर होता है, तस्कर नहीं पुलिस के हाथ सिर्फ पशु ही लगे। पुलिस को पीछा करता देख तस्कर कार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने कार से चार गोवंशीय पशु बरामद कर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार देर रात सुनगढ़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में गोवंशीय पशुओं को काटने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अतुल प्रधान टीम के साथ पूरनपुर रोड पर पहुंचे। सड़क पर वाहन खड़े कर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन हुआ वहीं जो अमूमन होता है। तस्कर भाग गए। पुलिस के हाथ पशु ही लगे। बकौल पुलिस, पीछा करने पर तस्कर गौहनिया गांव होते हुए माधोटांडा रोड पर आ गए और फिर कार छोड़कर भाग गए। कार की तलाशी लेने पर एक मृत और तीन जिंदा गोवंशीय पशु बरामद हुए। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।