दहेज हत्या के एक मामले में आरोपियों की ओर से लगातार समझौते का दबाव बनाने के लिए दी जा रही धमकियों की शिकायत लेकर थाने पहुंचे पिता को पुलिस ने बेतुका जवाब देकर भगा दिया। सीओ से मिलकर कार्रवाई कराने की बात कहकर टाल दिया। हताश पिता ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के जसोली दीवाली निवासी विंद्रावन ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि शादी के एक साल बाद उनकी बेटी सुमित्रा देवी को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने 15 अगस्त को हत्या कर दी थी, जिसका मुकदमा बरखेड़ा थाने में दर्ज है। इसके बाद से पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की। ऐसे में आरोपी आए दिन समझौता करने का दबाव बनाकर धमका रहे हैं। इसकी शिकायत लेकर पीड़ित बरखेड़ा पुलिस के पास गया। आरोप है कि दरोगा ने कार्रवाई करने से ही इंकार कर दिया। सीओ बीसलपुर के पास जाकर शिकायत करने की बात कहकर टरका दिया। पीड़ित पिता ने आरोपियों से जान का खतरा जताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।