शहर के एक बारात घर से बाइक चोरी कर भाग रहे दो युवकों की बाइक बोलेरो से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहा थाना बहेड़ी (बरेली) के गांव देवीपुरा निवासी हरदयाल घायल हो गया, जबकि उसका साथी भाग गया। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची शहर कोतवाली पुलिस ने भर्ती हरदयाल को चोरी की अन्य बाइक्स बरामद करने के उद्देश्य से बेरहमी से पीटा। खास बात यह रही कि पुलिस ने उसे शातिर बाइक चोर मानकर उसकी अभिरक्षा में दो सिपाहियों की ड्यूटी लगाई थी, वे आराम से सोते रहे।
रविवार देर शाम थाना जहानाबाद के गांव भिलई निवासी जलीस अहमद की बाइक शहर के एक वैंक्वेट हॉल से चोरी हो गई। दो युवक इस बाइक को लेकर तेज रफ्तार से टनकपुर हाइवे पर जा रहे थे, तभी वैक्वेंट हाल के पास ही बाइक अनियंत्रित होकर बोलेरो से टकरा गई। इससे बाइक चला रहा हरदयाल घायल हो गया, जबकि उसका साथी मामूली चोट लगने के कारण मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 ने गंभीर रूप से घायल हरदयाल को जिला अस्पताल भर्ती कराया। इधर, बाइक चोरी होने की सूचना जब वायरलेस सेट से प्रसारित हुई तो पुलिस ने बाइक चोरों की तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस को चोरी की बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने और आरोपी के जिला अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली। इस पर शहर कोतवाल बीके गौतम फोर्स के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी में भर्ती घायल हरदयाल पर गुस्सा उतारना शुरू कर दिया। पुलिस ने बेड पर ही थर्ड डिग्री इस्तेमाल कर उससे पूछताछ शुरू कर दी। चीखपुकार पर आसपास मौजूद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और मोबाइल से वीडियो क्लिप बनानी शुरू की तो पुलिस पीछे हट गई। आरोपी अस्पताल से कहीं भाग न जाए, इसके लिए शहर कोतवाल ने उसकी अभिरक्षा में दो सिपाही तैनात कर दिए। रविवार रात में ही डॉक्टरों ने हरदयाल को तीसरी मंजिल पर सर्जिकल वार्ड में भेज दिया। सोमवार दोपहर जब अमर उजाला की टीम सर्जिकल वार्ड में पहुंची तो अभिरक्षा में लगे सिपाही सो रहे थे। शहर कोतवाल बीके गौतम ने अस्पताल में थर्ड डिग्री इस्तेमाल करने से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने सिपाहियों के सोने की बात से अनभिज्ञता जताई।