मोहल्ला बल्लभनगर कॉलोनी निवासी हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विष्णु गुप्ता के घर में हुई चोरी की वारदात में हिरासत में ली गई नौकरानी को सुनगढ़ी पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए फुटेज के बाद भी पुलिस चोरों की शिनाख्त नहीं कर सकी। उधर थाना जहॉनाबाद के गांव सिरसी में ठेकेदार अनवर खां के घर हुई डकैती की घटना को पुलिस ने चोरी में दर्ज कर खाना पूरी कर ली, लेकिन बदमाशों की सुरागरशी करने की जरूरत नहीं समझी।
बुधवार की रात वाहन सवार चोरों ने हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के जज विष्णु गुप्ता के घर के ताले तोड़ दिए थे। चोर मकान में रह रहे किराएदार डॉ. विवेक शर्मा व भूमितल पर रह रहे ठेकेदार अशोक परिहार के कमरों से लाखों रुपये का सामान बटोर ले गए थे। पुलिस ने शक के आधार पर घर की नौकरानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद शनिवार को पुलिस ने उसे छोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में मिली चोरों की फुटेज ली, लेकिन उसमें कैद हुई तस्वीरों की शिनाख्त कराने के लिए एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि नौकरानी से पूछताछ में कोई सबूत पुलिस को नहीं मिले हैं। इस पर उसे छोड़ दिया गया है। शहर में माहौल खराब करने की कोशिश की हुई घटना के चलते मामले की जांच आगे नहीं बढ़ सकी है।
उधर जहॉनाबाद पुलिस ने गांव सिरसी निवासी ठेकेदार अनवार अहमद के घर हुई डकैती की घटना को चोरी में दर्ज तो कर लिया, लेकिन बदमाशों की सुरागरशी की जरूरत भी नहीं समझी। एसओ विजय कुमार गौतम ने बताया कि उन्होंने आज ही कार्यभार ग्रहण किया है। उन्होंने मामले की जानकारी नहीं हैं।