दिव्यांग किशोरी से दुराचार के मामले में आरोपी उसके भाई की तलाश में पुलिस ने सोमवार को भी कई जगह दबिश दी। पुलिस उसके बारे में अहम सुराग मिलने का दावा कर रही है। पुलिस आरोपी पिता को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बता दें कि बीस मई को शहर की एक दिव्यांग किशोरी से दुराचार के आरोप में उसके पिता और भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट किशोरी के दूसरे भाई ने दर्ज कराई थी। मोहल्ले के लोगों ने भी इस मामले को लेकर हंगामा किया था। हालांकि पिता ने साजिशन फंसाने की बात कही थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब पुलिस फरार भाई की तलाश में जुट गई है। इसके लिए रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ सिटी निर्मल विष्ट ने बताया कि आरोपी की लोकेशन ट्रेस हो गई है।