देवीपुरा और परेवावैश्य में हुआ झगड़ा
देवीपुरा में मरी हुई भैंस फेंकने के विवाद में एक ही पक्ष के पांच घायल
परैवावैश्य में नाली पर स्लैब डालने के विवाद में तीन लोग हुए घायल
मामूली विवाद में दो स्थानों पर झगड़े में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें आठ लोग घायल हो गए। गजरौला थाना क्षेत्र में देवीपुरा में मरी हुई भैंस फेंकने के विवाद में एक ही पक्ष के पांच लोग घायल हो गए, वहीं जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव परैवावैश्य में नाली पर स्लैब डालने के विवाद में तीन लोग घायल हो गए।
माधोटांडा रोड स्थित गजरौला थाना क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी रामौतार की शुक्रवार शाम भैंस मर गई थी। सुबह वह कुछ लोगों के साथ भैंस को गांव के बाहर फेंकने गए थे। इस बीच पड़ोस के गांव मिलक के ग्रामीण एकत्र हो गए और मरी भैंस फेंकने पर एतराज जताया। इसको लेकर झगड़ा हो गया। मिलक के ग्रामीणों ने रामौतार एवं उनके साथियों पर हमला कर दिया, जिसमें रामौतार, उसकी मां मुन्नी देवी एवं गांव के ही उमाशंकर, धर्मपाल व जसपाल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रिछौला चौकी पुलिस ने पांच घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
परेवावैश्य। गांव निवासी मुकेश कुमार गुप्ता और राजेश गुप्ता चचेरे भाई हैं। दोनों के मकान के बीच में नाली बहती है। इस नाली पर शनिवार को सुबह मुकेश स्लैब डलवा रहा था, जिस पर राजेश ने विरोध किया। इसको लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। दोनों ओर से हुई मारपीट में राजेश गुप्ता एवं उनके पक्ष के विक्रम और आशीष घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में राजेश के भाई मनोज गुप्ता की ओर से जहानाबाद पुलिस को तहरीर दी गई है जिसमें मुकेश गुप्ता, संजीव गुप्ता व राजीव गुप्ता पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।