गश्त पर निकले वन दरोगा और वन रक्षक आपस में ही भिड़ गए। आरोप है कि वन रक्षक ने गाली-गलौज कर वन दरोगा से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने वन दरोगा की ओर से वन रक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना शुक्रवार देररात की है। टाइगर रिजर्व हरीपुर रेंज में तैनात वन दरोगा हरेंद्र पाल सिंह शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वन दरोगा शिवपाल, रामचंद्र, वन रक्षक सोवरन लाल, मानवेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, वाचर नूर हसन के साथ गांव गजरौला क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। वन दरोगा ने बताया कि गांव मकरंदपुर में एक फार्मर के झाले के पास पहुंचकर रास्ता भटक गए। इस पर वाचर नूर मोहम्मद से रास्ते को लेकर बातचीत करने लगे। आरोप है कि इस दौरान वन रक्षक सोवरन सिंह आग बबूूला होकर गाली-गलौज करने के साथ मारपीट करने लगा। विरोध पर जान से मारने की धमकी दी। अन्य स्टाफ ने बमुश्किल बचाया। पुलिस ने वन दरोगा हरेंद्र पाल सिंह की ओर से वन रक्षक सोवरन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हरीपुर के रेंजर आरपी रौतेला ने बताया कि कर्मचारियों में कहासुनी हो गई थी। कर्मचारियों की फटकार लगाकर घटना की पुनरावृत्ति होने पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।