- आरोपी के पास से फर्जी आईडी बरामद
- पूछताछ कर जुटाई जानकारी, किया चालान
खुद को असिस्टेंड कमिश्रर, तो कभी हाईकोर्ट का अधिकारी बताकर ठगी की वारदात करने वाले शातिर युवक पर गजरौला पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसा है। आरोपी से बरामद फर्जी आईडी कार्ड के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को चालान कर दिया है।
बतादें कि गजरौला के रहने वाले एक युवक ने पुलिस से जालसाज युवक की शिकायत की थी। आरोप था कि खुद को असिस्टेंड कमिश्नर तो कभी हाईकोर्ट में अधिकारी बताने वाला शातिर क्षेत्र में घटना को अंजाम देने की कोशिश में लगा है। क्षेत्र के कई लोगों को फोन कर मुकदमा दर्ज कराने और एफआर लगवाने का झांसा देकर पैसे ठगने की कोशिश कर रहा है। इस पर पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों की मदद से झांसा देकर गजरौला बुला लिया। जहां पहले से मुस्तैद पुलिस ने आरोपी बरेली के नबाबगंज क्षेत्र के अघकटा गांव के निवासी मनोज कुमार शर्मा को धर दबोचा। थाने लाकर इसकी तलाशी ली गई। जिसमें फर्जी आईडी कार्ड भी इसके पास से बरामद हुए। पुलिस ने पूछताछ कर इसके साथियों के बारे में सुरागरसी की, लेकिन कोई साथी प्रकाश में नहीं आया। आरोपी के अकेले ही वारदात करने की बात प्रकाश में आई। पुलिस ने आरोपी के घर वालों से भी बातचीत की गई। एसओ गजरौला विवेक त्रिवेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। उसको पूछताछ कर चालान कर दिया है।