सितारगंज नेशनल हाईवे पर नखासा बाजार के पास हुआ हादसा
चालक गाड़ी छोड़कर भागा, पुलिस ने शव पीएम को भेजा
सितारगंज नेशनल हाईवे पर नखासा बाजार के पास पिता की दुकान के बाहर खेल रहे छह वर्षीय शहरान की मैजिक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग निकला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमरिया थाना क्षेत्र के कैंचूटांडा गांव निवासी सरताज अहमद की नखासा बाजार में मोबाइल की दुकान है। सोमवार सुबह उनका छह साल का बेटा शहरान दुकान के बाहर खेल रहा था। इस बीच मैजिक ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पिता की चीख पुकार सुनकर आसपास के काफी लोग जमा हो गए। आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसकी सूचना मिलने पर अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। एसओ माधो सिंह विष्ट ने बताया कि मैजिक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है।
हंसते बसते परिवार में छाया मातम
हाईवे पर पिता की दुकान के बाहर खेलते वक्त हादसे में मासूम शहरान की मौत के बाद खुशनुमा परिवार में मातम छा गया है। वह दो भाईयों में बड़ा था। उसका एक छोटा भाई नुमान है। शहरान एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी का छात्र था। सोमवार दोपहर को वह घर से पिता की दुकान पर खेलने आया था और काल के गाल में समां गया। इसकी सूचना जैसे ही परिवारवालों तक पहुंची, कोहराम मच गया। मां नईमा बेगम गश खाकर गिर गई। जिसने भी सुना परिवार के दुख में शरीक होने पहुंच गया और ढांढस बंधाया।