हफ्ते भर पहले थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में शहर निवासी सुखविंदर कौर से बाइक सवार दो बदमाश 1.48 लाख रुपये लूट ले गए थे। पुलिस इस मामले में आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। पुलिस खुलासे के लिए अंधेरे में हाथपांव चला रही है।
12 अगस्त को काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक मंडी समिति के सामने स्थित एसबीआई कृषि लोन शाखा के पास से रंगीलाल चौराहा निवासी कुलविंदर कौर के हाथ पर झपट्टा मारकर 1.48 लाख रुपये की थैली छीन ली थी और आसाम पुलिस चौकी की ओर भाग निकले। एसपी जेके शाही, एएसपी सुधीर कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी और प्रभारी निरीक्षक को खुलासे के आदेश दिए थे। पुलिस को उम्मीद थी कि लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद होगी, लेकिन जब पुलिस ने फुटेज देखे तो उसकी उम्मीदों पर पानी फिर गया था। पुलिस ने घटना के बाद संदिग्धों की धड़पकड़ में तेजी दिखाई और करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। समय बीतने के साथ पुलिस की जांच भी सुस्त हो गई। नतीजतन पुलिस अब अंधेरे में हाथपाव मार रही है। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे को पुलिस प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता अभी तक नहीं मिल सकी।