बिजनौर। शहर कोतवाली पुलिस ने मंडावर रोड से मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को पकड़ा है। पकड़े गए बदमाशों से एक नाइन एमएम पिस्टल, एक 32 बोर का पिस्टल, तीन मैगजीन के अलावा एक चाकू बरामद हुआ है। बदमाश किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने बिजनौर आ रहे थे।
शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक दरोगा आरके सिंह पुलिस बल के साथ किसी काम से गजरौला शिव गांव जा रहे थे। मंडावर मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय से आगे बाइक पर सवार तीन बदमाश उन्हें आते दिखाए दिए। पुलिस को देख बदमाश सकपका गए। पुलिस ने टोका तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाब में बदमाशों पर गोली चलाकर उनकी घेराबंदी कर ली।
पुलिस ने तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक नाइन एमएम का पिस्टल, एक मैगजीन, एक खोखा, दो कारतूस, एक 32 बोर का पिस्टल, दो मैगजीन, एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों बदमाश मुजफ्फरनगर जिले के थाना ककरौली के गांव कम्हेड़ा निवासी कामिल, अरशद और नगीना निवासी फारूख हैं। तीनों बदमाश किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से बिजनौर आ रहे थे।
लूट कहा करनी थी इस बात का बदमाशों ने खुलासा नहीं किया। बदमाशों के पास से मिली बाइक पर नंबर प्लेट तक नहीं थी। बाइक के कोई कागजात भी नहीं मिले हैं। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। तीन साल पहले नजीबाबाद में हुई एक व्यापारी से हुई नौ लाख 92 हजार की लूट में भी ये बदमाश शामिल थे। पकड़े गए बदमाशों पर गैंगस्टर भी लगी थी। बदमाश पिछले दिनों ही सलाखों से बाहर आए थे।