किसान के बैंक खाते से रहस्यमय तरीके से साढ़े नौ हजार रुपये की नकदी गायब हो गई। पासबुक इंट्री कराने पहुंचने पर खाते से रकम गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। बैंक अफसरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के मुड़िया नौगवां गांव निवासी रामसनेही ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की शिवनगर शाखा में है। शुक्रवार को वह अपनी बैंक पासबुक इंट्री कराने के लिए पहुंचा। इस बीच उसको पता लगा कि खाते से साढ़े नौ हजार रुपये गायब मिले। इसकी बैंक अफसरों से जानकारी लेनी चाही, लेकिन आरोप है कि संतोषजनक जवाब देने के बजाए अफसरों ने अनसुना कर दिया। कई बार पूछने के बाद भी कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित का कहना है कि उसके पास न तो किसी जालसाज की कॉल आई, न ही उसने अपना एटीएम कोड किसी को बताया। ऐसे में रुपये खाते से कैसे निकल सकते है। इंस्पेक्टर जयवीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। एक टीम को बैंक से जानकारी करने के लिए भेजा गया है।