एसएसबी 26वीं बटालियन बसही चौकी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर एक 28 वर्षीय नेपाली युवती को साढ़े पांच किलोग्राम चरस के साथ दबोच लिया, जबकि उसकी भाभी कुछ देर पहले ही चरस समेत गंत्वय को रवाना हो गई। एसएसबी ने पकड़ी गई युवती के कमर और पैरों में कपड़ों से बंधे चरस के 11 पैकेट बरामद किए हैं। एसएसबी दूसरी महिला की तलाश कर रही है।
बसही एसएसबी चौकी के दरोगा राजेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि नेपाली दो महिलाएं बड़ी संख्या में चरस के पैकेट लेकर आ रही हैं। सूचना पर जवानों ने पिलर संख्या 200 से करीब 100 मीटर दूर भारतीय क्षेत्र में महिला जवानों के साथ तलाशी शुरू की। इसी बीच पहुंची नेपाल के जिला कंचनपुर के थाना कालिका-11 की करनिकी बस्ती निवासी फूलमाया को रोक कर महिला जवानों से तलाशी कराई गई तो उसकी कमर और पैरों में कपड़ों से बंधे चरस से भरे प्लास्टिक के 11 पैकेट बरामद हुए। उन्होंने बताया कि पैकटों में 500-500 ग्राम चरस थी। युवती ने पूछताछ के दौरान एसएसबी को बताया कि उसकी भाभी पैकेट लेकर सुबह ही भारत आ चुकी है। वह दोनों महिलाएं कॉरिअर के रूप में चरस को हिमाचल के कल्लू मनाली ले जा रहीं थीं।
एसएसबी ने बरामद चरस और आरोपी महिला को खीरी जिले के थाना संपूर्णानगर पुलिस को सौंपा है। संपूर्णानगर एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एसएसबी के एसआई राजेंद्र सिंह की ओर से महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी महिला का सोमवार को चालान भेजा जाएगा। एसएसबी सेनानायक जेपी राणा ने जवानों को शाबाशी दी है।