तेज रफ्तार बस बाइक सवार को बचाने के प्रयास में खाई में जा घुसी। हादसे में मां-बेटी सहित छह यात्री घायल हो गए। मौके पर जमा हुई भीड़ ने बस पर पथराव कर शीशे तोड़ डाले और भागने का प्रयास कर रहे बस चालक की जमकर पिटाई की और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। घायल मां और बेटी को नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना पूरनपुर-बंडा मार्ग पर गांव शेरपुर मकरंदपुर के समीप की है। बंडा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बस का चालक स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा। नतीजतन बस सड़क से उतरकर झाड़ियों में घुस गई, जिससे यात्रियों में कोहराम मच गया। हादसे में गांव कसगंजा निवासी लालाराम की पत्नी गुड़िया और उनकी पुत्री नीतू शर्मा सहित छह यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को सीएचसी लाया गया, लेकिन वह बगैर इलाज कराए प्राइवेट अस्पताल में चले गए। इसके अलावा अन्य लोग मामूली रूप से घायल होने के कारण अपने-अपने घरों को चले गए। घटना के बाद एकत्र हुए आक्रोशित लोगों ने पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए और भागने का प्रयास कर रहे बस चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस को सौंप दिया।
बस चालक गांव गुलड़िया भूपसिंह निवासी सचिन ने बताया कि सामने से आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास मेें बस का एक्सल लूट गया, जिससे हादसा हो गया। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।