24 घंटे से लापता बुजुर्ग महिला का शव मकान से पांच सौ मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा मिला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिवार वालों ने रंजिशन हत्या की आशंका जताई है।
थाना क्षेत्र के जमुनिया ताल्लुके ईंटगांव निवासी 60 वर्षीय सुदामा देवी सोमवार शाम चार बजे खेत देखने गए थी। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग सका। देर शाम तक महिला के वापस न आने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रात भर तलाशने के बाद भी कोई सुध न मिलने पर ग्रामीणों की मदद से उनकी बेटी राजेश्वरी और लीलावती ने गांव खोजबीन की। दूसरे दिन मंगलवार देर शाम लापता महिला का शव मकान से पांच सौ मीटर दूर रामआसरे के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे। शव के सिर, मुंह पर चोट के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। इसक ी सूचना मिलने पर एसओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर परिवार से जानकारी की जा रही है। इसमें परिवार के लोगों ने गांव के एक परिवार से चली रंजिश में हत्या की आशंका जाहिर की है। मृतका की बेटी राजेश्वरी का कहना है कि उसका भाई सेवाराम दिल्ली मजदूरी करता है। सेवाराम का अपने ससुराल वालों से विवाद है, इसी की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया। एसओ रूम सिंह वघेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।