बदमाशों ने न्यूरिया स्थित मदर सेंट जुबैदा पब्लिक स्कूल के एमडी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने 1.50 लाख रुपये व दो मोबाइल लूट लिए। जबकि जहॉनाबाद इलाके में थाना अमरिया के गांव भौनी निवासी सोमपाल व उसके भाई गिरीश कुमार की बाइक दो बाइकों पर सवार पांच बदमाशों ने विसेन पुल के पास रोक ली और पिटाई कर 65 सौ रुपये की नगदी व तीन मोबाइल लूट लिए। ग्रामीणों ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि तीन बदमाश बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले।
न्यूरिया। नगर के मदर सेंट जुबैदा पब्लिक स्कूल के एमडी अब्दुल शहबाज ने बताया कि शनिवार को तीन लोग स्कूल में आए और प्रवेश संबंधी जानकारी ली। बाद में चले गए। तीनों के जाने के बाद वह बाइक से 1.50 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए पीलीभीत जा रहे थे। खटीमा-पीलीभीत मार्ग पर पिपरिया और मैदना के बीच स्थित एक धार्मिक स्थल के पास बाइक पर सवार होकर आए तीनों युवकों ने बाइक रोक ली और 1.50 लाख रुपये व 90 हजार रुपये के दो मोबाइल लूट लिए और भाग निकले। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की है। एसओ दलवीर सिंह का कहना है कि लूट नहीं हुई है। तीनों आरोपी स्कूल से ही मोबाइल देखने के बहाने चोरी कर ले गए।
जहॉनाबाद। गांव भौनी निवासी सोमपाल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्टर है। शनिवार की शाम पीलीभीत से हिसाब किताब कर अपने भाई गिरीश कुमार के साथ घर वापस जा रहे थे। निसरा के पास अपसरा पुल पर दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे पांच बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। एक बदमाश ने सोमपाल की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और गन्ने के खेत में खींच ले गए। जहां दोनों की जमकर पिटाई की। सोमपाल के सिर पर बट मार दिया, जिससे वह घायल हो गया। बदमाश सोमपाल के पास से पांच हजार और गिरीश की जेब से 15 सौ रुपये की नगदी, तीन मोबाइल व एटीएम कार्ड लूट लिए और दोनों को बांधकर भागने लगे। इसी बीच किसी तरह से छूटे सोमपाल ने इसी बीट ट्रक लेकर निकले गांव के जमशेद को रोककर घटना बताई। जमशेद ने बारात बोझ के ग्रामीणों को सूचना दी। जिस पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ली। इसी बीच मौके पर पहुंचे बदमाश भीड़ देखकर एक प्लांट में घुसने का प्रयास करने लगे। इस पर ग्रामीणों ने एक लुटेरे को पकड़ लिया, जबकि चार बदमाश दोनों बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। कार्यवाहक एसओ विजय पाल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश थाना अमरिया के गांव तिरकुनियां निवासी धर्मपाल है।