इंजीनियर शिखर हत्याकांड के मामले में कार्रवाई शून्य है। उधर मामले में सुलह के लिए मृतक शिखर के वकील पिता को फोन पर धमकियां मिल रही हैं। इसके चलते पूरा परिवार असुरक्षित है। परेशान पिता ने इस मामले में केंद्र सरकार के गृहमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है।
शहर के मोहल्ला वशीरगंज निवासी सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेशचंद्र श्रीवास्तव ने अपने पत्र में कहा है कि उनके इंजीनियर पुत्र शिखर श्रीवास्तव उर्फ राजा की हत्या लखनऊ में कर शव को बाराबंकी में फेंक दिया गया था। बाराबंकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी लेकिन तभी साजिश के तहत पूरा मामला सीबीसीआईडी को स्थानांतरित कर दिया गया।
उसी के बाद से बेटे की हत्या के मामले में कार्रवाई शून्य चल रही है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट लखनऊ में इस मामले में याचिका भी दायर की गई थी लेकिन उसमें भी सीबीसीआईडी ने कोई रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की। दिनेश ने पत्र में कहा है कि बीते पखवारे से बेटे की हत्या में नामजद बसपा विधायक डॉ. विजय कुमार के कुछ समर्थक जानमाल की धमकी दे रहे हैं। कई बार घर आकर भी सभी ने धमकाया है। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करने की मांग उठाई है।