मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया
कोतवाली क्षेत्र के गांव उगनपुर मरौरी निवासी बब्लू की 23 वर्षीया पत्नी माधुरी की गुरूवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जिला शाहजहांपुर के थाना पुवायां क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव निवासी रामलली ने बताया कि 16 अगस्त 2013 को बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव उगनपुर मरौरी के कुछ लोग उनकी पुत्री माधुरी का शस्त्रों की नोंक पर अपहरण कर ले गए थे। उसी समय मामले की नामजद तहरीर पुलिस को दी गई थी। पुलिस के अधिकारियों से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। उसी समय से गांव उगनपुर मरौरी निवासी बबलू उनकी पुत्री माधुरी को अपने साथ बतौर पत्नी रखने लगा था। आरोप है कि बबलू ने अपने भाइयों और एक रिश्तेदार की मदद से गुरूवार की रात लगभग आठ बजे 23 वर्षीया माधुरी की लाठी डंडों से पीटकर और जहर खिलाकर हत्या कर दी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके वाले शुक्रवार को सुबह उगनपुर मरौरी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। मृतक की मां रामलली ने कोतवाली में हत्या की तहरीर दे दी है। तहरीर में मृतक के पति, उसके दो भाइयों और पूरनपुर कोतवाली के गांव नदहा में रहने वाले उनके एक रिश्तेदार को नामजद किया गया है। पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।