कस्बा बमरोली स्थित महुआताल देवस्थल पर प्रसाद चढ़ाकर मां को स्कूटी पर बैठाकर घर लौट रही एक युवती के साथ कुछ लड़कों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और युवती के गले से सोने की चेन भी लूट ली। पीड़ित युवती ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
शाहजहांपुर के थाना बंडा के एक गांव निवासी ग्रामीण की विवाहित पुत्री ने महुआताल देवस्थल पर 7 सोमवार प्रासाद चढ़ाने का व्रत लिया था। वह सोमवार को 12 बजे अपनी मां को स्कूटी पर बैठाकर देवस्थल पहुंचकर पूजा की। युवती ने तहरीर में कहा है कि प्रासाद चढ़ाने के बाद जब वह मां को स्कूटी पर बैठाकर जैसे ही चली तभी चार लड़के आगे आ गए और स्कूटी समेत गिरा दिया। इससे उसे और उसकी मां के चोटें भी आई।
फिर लड़कों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध किरने पर मारपीट की और युवक ने उसके गले से सोने की चेन भी खींच ली। दिन दहाड़े हुई इस घटना की खबर देवस्थल से कुछ दूर स्थित चौराहे पर दुकानदारों को हुई तो वह दौड़ पड़े लेकिन तब तक आरोपी युवक बाइक से भाग गए।
उधर हल्का इंचार्ज छेदालाल ने बताया कि मामला छेड़छाड़ का है। चेन लूटे जाने के मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी युवकों के बारे में जानकारी मिली है। उनकी तलाश भी की जा रही है। मगर अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।