गांव पिपरियाभजा निवासी रामबहादुर ने बताया कि उसकी गांव के ही कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। जिससे वह लोग रंजिश मान बैठे। शनिवार की रात वह परिवार समेत सो रहे थे। करीब रात एक बजे गांव के ही पांच लोग मोबाइल की दुकान के बगल में लगे छोटे दरवाजे को तोड़ दिया और घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि पांचों आरोपियों ने उसे, उसके पुत्र तेजपाल, पुत्रवधू ऊषादेवी, पत्नी व बहन को असलहों के बल पर बंधक बना लिया और पुत्रवधू के गले में पड़ी चेन लूट ली। विरोध करने पर हमलावों ने पिटाई शुरू कर दी। एक आरोपी ने तमंचे से उन पर गोली चला दी। गोली चेहरे से छूटी हुई निकल गई। शोरशराबा व फायरिंग की आवाज पर गांव के तमाम लोगो की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पूर्व आरोपी भाग निकले। उन्होंने बताया कि हमलावर पुत्रवधू की चेन, नौ हजार की नगदी व मोबाइल की दुकान में रखा हजारों रूपये का सामान लूट ले गए। पुलिस ने गृहस्वामी के पुत्र तेजपाल की ओर से गांव के ही वीरेंद्र, हरीओम, हरप्रसाद, हरपाल व राजकुमार पर घर में घुसक र मारपीट व गालीगलौज करने व दूसरे पक्ष की ओर से तेजराम, उसके पिता, रामबहादुर, सुमेरलाल व गिरजाशकंर के खिलाफ धारा 323, 504 व 506 के तहत मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित से की बदसलूकी, थाने पर बैठाया
पीलीभीत/गजरौला। हमलवारों की पिटाई व लूटपाट से कराह रहे गांव पिपरिया भजा निवासी रामबहादुर का दर्द पुलिसिया कार्रवाई बढ़ा देती है। पुलिस घटना को झुठलाने में जुटी है। रिपोर्ट दर्ज कराने गए पीड़ित व उसके पुत्र को पुलिस ने थाने में बैठा लिया और उनके साथ जमकर अभद्रता की।
रविवार की सुबह करीब 10 बजे गृहस्वामी रामबहादुर अपने पुत्र तेजपाल के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। पुलिस ने तहरीर लेना दूर उसकी एक नहीं सुनी। इतना ही नहीं अभद्रता कर दोनों को थाने में बैठा लिया। पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बनाने के लिए पुलिस ने कई तरह के हथकंडे भी अपनाए, लेकिन जब वह समझौते के लिए राजी नहीं हुआ तो उसे हवालात में बंद कर दिया। बाद में पुलिस दूसरे पक्ष के वीरेंद्र समेत दो लोगों को पकड़कर थाने लाई और एक दूसरे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में रोष है।
सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई थी। जांच में मामला महज मारपीट का मिला है। जिस पर दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुधीर कुमार सिंह, एएसपी