कसगंजा
बाजार में मंगलवार की शाम कथित तौर पर नशे में धुत एक युवक का मुफ्त में
चाट न खिलाने पर विक्रेता से विवाद हो गया। वह विक्रेता का सामान उठाकर
फेंकने लगा तो शमशेर नाम के युवक ने उसका विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसके
सिर पर भगोना मारा, जिससे वह घायल हो गया। बुधवार की सुबह बेहोशी की हालत
में उसे सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले
में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
गांव
कसगंजा बाजार में चाट की दुकान लगाने वाले गांव बलरामपुर निवासी रामचंद्र
की दुकान पर बलरामपुर का ही राजेश पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक
कथित तौर पर नशे में धुत राजेश ने चाट विक्रेता से मुफ्त में चाट खिलाने को
कहा। मना करने पर उससे गाली गलौज करते हुए सामान फेंकने लगा। पास खड़े
गांव कसगंजा के नौशेर के पुत्र शमशेर (17) ने उसका विरोध किया तो राजेश ने
एक भगोना उसके ऊपर फेंक कर मार दिया। सिर में भगोना लगने से शमशेर गंभीर
रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह घर पहुंच सका। फल की फेरी लगाने वाले
शमशेर के पिता नौशेर देरशाम घर पहुंचे तब उन्हें इसकी जानकारी हुई।
बुधवार सुबह देखा तो पुत्र बेहोश मिला। इस पर वह प्रधान अजय शुक्ला आदि के
साथ पुत्र को लेकर घुंघचाई पुलिस चौकी पहुंचे। घटना की तहरीर दी। पुलिस ने
इस पर गंभीर चोट पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कर शमशेर को मेडिकल परीक्षण के
लिए सीएचसी भेजा। परिवार वाले जब उसे लेकर सीएचसी पहुंचेे तो डॉक्टरों ने
मृत घोषित कर दिया। घुंघचाई चौकी इंचार्ज राजेश्वर सिंह ने बताया कि सूचना
पर आरोपी राजेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार
कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
सीओ ब्रजवीर सिंह व इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने भी घटना स्थल का निरीक्षण
कर लोगों से पूछताछ की है।