खाद्य विभाग के अधिकारियों ने लाइसेंस न होने के कारण रविवार को मोहल्ला सराय निवासी खोवा विक्रेता नागेंद्र कुमार की दुकान को सील कर दिया। इसी विक्रेता की दुकान से खरीदे गए खोवा का प्रसाद खाकर तीन दिन पूर्व मोहल्ला दुबे में 15 लोगों की हालत बिगड़ गई थी।
मोहल्ला दुबे निवासी देवेंद्र मिश्रा के घर 26 मई को सत्यनारायण की कथा का प्रसाद खाने से मोहल्ले के15 लोगों की हालत बिगड़ गई थी। देवेंद्र ने मोहल्ला सराय निवासी नागेंद्र कुमार की दुकान से खोवा खरीदकर प्रसाद बनवाया था। खाद्य सुरक्षाधिकारी सुभाष यादव ने शनिवार को नगर में आकर मामले की जांच शुरू की थी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने रविवार को दुकान पर पहुंचकर खोवा का सैंपल लिया। जांच पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि नागेंद्र के पास दुकान का लाइसेंस ही नहीं है। अधिकारियों ने उनकी दुकान को सील कर दिया। अधिकारियों ने कस्बा ईंटगांव में मुनव्वर आइस कैंडी और गांव बबूरा में राजेंद्र आइस कैंडी पर छापा मारकर आइसक्रीम के नमूने लिए। छापा मारने वालों में मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी विजय वर्मा, खाद्य सुरक्षाधिकारी सुभाष यादव और महेंद्र प्रताप शामिल थे। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी ने बताया कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
---