हाईवे से 200 मीटर की दूरी पर स्थित लाखीपुर गांव के बीचो-बीच अवैध रूप से बिक रही अंग्रेजी व देसी शराब की दुकान पर महिलाओं ने रविवार को धावा बोल दिया। महिलाओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर शराब की गुमटी को पलट दिया। महिलाओं के गुस्से को देखकर सेल्समैन फरार हो गया।
शहर से सटे पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित लाखीपुर गांव में आबादी के बीचो-बीच करीब 15 दिन पहले अंग्रेजी व देसी शराब बेचने के लिए लोहे की गुमटी रखी गई थी। गुमटी में शराब बेची जा रही थी। लाखीपुर गांव के लोगों ने कई बार आबादी से दुकान को दूर ले जाने की बात कही, लेकिन किसी के कान पर जूं नहीं रेंगी। रविवार की शाम करीब पांच बजे गांव की महिलाएं ग्रामीणों के साथ इकट्ठा होकर दुकान पर पहुंच गईं।
महिलाओं ने लोहे की गुमटी को पलट दिया। महिलाओं का गुस्सा देख दुकान का सेल्समैन भाग निकला। ग्रामीणों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईवे से पांच सौ मीटर दूर अंग्रेजी व देसी शराब की दुकान खोलने के लिए आदेश दिया है। बावजूद इसके कोर्ट के आदेश का पालन यहां का आबकारी विभाग नहीं करा रहा है। आबकारी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से लाइसेंसी ने हाईवे से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित लाखीपुर गांव के बीचो-बीच दुकान खोलकर शराब बेच रहा है। महिलाओं ने जिला आबकारी अधिकारी से दोनों दुकानों को आबादी से दूर करने की मांग की है।