चाय के होटल पर ग्राम प्रधान से रुपये का लेनदेन करना आरईएस के जेई को महंगा पड़ गया। लेनदेन की वीडियो की जांच में मामला रिश्वत लेने का पाया गया है। इस पर डीएम के निर्देश पर ललौरीखेड़ा बीडीओ ने सदर कोतवाली में जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। जेई के निलंबन को डीएम ने प्रमुख सचिव आरईएस को लिखा है। वहीं प्रधान को भी रिश्वत देने का आरोपी पाते हुए कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
ललौरीखेड़ा ब्लाक में तैनात आरईएस के जेई रामऔतार श्रीवास्तव और ग्राम जंगरौली के प्रधान मुरारीलाल के बीच लेनदेन हुआ था। शहर के नौगवां क्रासिंग के निकट एक चाय के होटल पर हुए इस लेनदेन का किसी ने वीडियो बनाकर मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस पर डीएम ने जांच के आदेश दिए थे।
डीएम के आदेश पर उपायुक्त मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने वीडियो की जांच की साथ ही गांव में चल रहे कार्यों को देखा। जांच में डीसी मनरेगा ने जेई द्वारा गांव में कराए गए कार्यों को पास करने के बदले रिश्वत के रूप में रुपये लेना पाया। उन्होंने इसकी रिपोर्ट तैयार की डीएम को सौंप दी।
रिपोर्ट मिलने पर डीएम ने जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए। साथ ही जेई के निलंबन की संस्तुति कर प्रमुख सचिव आरईएस को जांच रिपोर्ट भेज दी। डीएम के आदेश पर ललौरीखेड़ा के खंड विकास अधिकारी बाबूराम की ओर से सदर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। जेई पर हुई कार्रवाई से आरईएस और विकास विभाग में खलबली मची है।
प्रधान पर भी कार्रवाई तय
डीसी मनरेगा की जांच में जेई पर कार्रवाई के साथ ही रिश्वत देने के आरोप में प्रधान पर भर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही प्रधान के अधिकार सीज कर दिए जाएंगे।
क्या हैं जांच रिपोर्ट में
डीसी मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि गांव में एक पक्के नाले का निर्माण कराया गया है जिसका स्टीमेट भी जेई ने बनाया था। नाला अभी पूरा नहीं हुआ है और जेई ने इसका भुगतान कराने को बैक डेट में ही एमबी भी कर दी है। नाला निर्माण के भुगतान को रिपोर्ट लगाने के नाम पर ही लेनदेन किया गया था। वीडियो में भी दोनों के बीच नाला निर्माण पर ही बातचीत हो रही है।
जेई और प्रधान के बीच लेनदेन का मामला संज्ञान में आते ही मैंने जांच के आदेश दिए थे। जांच में मामला रिश्वत लेने का पाया गया है। जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्रधान के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
- ओएन सिंह, डीएम