चुनाव को लेकर कोतवाली बीसलपुर के गांव चौंसर हरदोपट्टी और थाना बिलसंडा के गांव हर्रेया में हुए बवाल मामले में आरोपियों से मुचलका पाबंद की रकम वसूली जाएगी। एसपी ने इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन दिन पहले कोतवाली बीसलपुर के गांव चौंसर हरदोपट्टी में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों में जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई थी। गोली लगने से राजेंद्र प्रसाद के कार्यकर्ता शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा क्षेत्र के गांव भंवरखेड़ा निवासी रमेश गंगवार गोली लगने से घायल हो गया था, जबकि गांव चौंसर हरदोपट्टी निवासी जगदीश धारदार हथियारों के प्रहार से घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। दूसरी वारदात रविवार को थाना बिलसंडा के गांव हर्रेया में हुई। यहां दो पक्षों के बीच मारपीट के साथ जमकर पथराव हुआ और फायरिंग भी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष की ओर से 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एसपी जवाहर ने बताया कि दोनों मामलों में नामजद लोगों को पुलिस ने चुनाव से पूर्व शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया था। इन सभी आरोपियों से मुचलके की धनराशि वसूली कराई जाएगी। इसके लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।