टाइगर रिजर्व में हिरन का शिकार करने वाले एक शिकारी को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। शाहगढ़ स्टेशन के पास से पकड़े गए शिकारी से सींग बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने अपने आठ अन्य साथियों के नाम बताए हैं।
माला वन क्षेत्राधिकारी डीके सिंह को रविवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि बंग्लामित्रसेनपुर का एक शिकारी भागने के प्रयास में हैं और उसके पास वन्यजंतुओं के अवशेष हैं। इस पर वह वन दरोगा वजीर हसन, रामेंद्र सिंह आदि के साथ शाहगढ़ स्टेशन पहुंचे और संदिग्ध की तलाश शुरू की।
इस दौरान स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति को प्लास्टिक के बोरे में कुछ सामान के साथ पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से हिरन का सींग बरामद हुआ। माला रेंज कार्यालय लाकर पूछताछ में उसने अपना नाम ओमप्रकाश बताया। उसने बताया कि चार अप्रैल को उसने सगे भाई बाबूराम सहित सात साथियों के सहयोग से हिरन का शिकार किया था।
पकड़े जाने के भय से वह सींग को छिपाने के प्रयास में स्टेशन आया था। वन विभाग ने उसका चालान कर जेल भेज दिया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि उसके फरार चल रहे अन्य साथियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।