पीड़िता की गुहार पर एएसपी ने सुनगढ़ी पुलिस को दिए जांच के आदेश
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवाई शादी
एएसपी के सामने चिलचिलाती धूप में पहुंची थाना बरखेड़ा के गांव परेवा अनूप निवासी विवाहिता रो पड़ी और बोली, उसका पति दूसरी शादी कर रहा है। जबकि उसका पति से मुकदमा चल रहा है। साहब दूसरी शादी रुकवा दीजिए। एएसपी ने इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सुनगढ़ी पुलिस ने शादी रुकवाते हुए आरोपी पति को थाना तलब किया है।
गांव परेवा अनूप निवासी विमला देवी ने एएसपी विकास कुमार वैद्य को बताया कि वह वर्तमान समय में उत्तराखंड के ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर में रह रही है। उसकी शादी वर्ष 2011 में ग्राम परेवा अनूप निवासी प्रेमपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि पति शराब पीकर दहेज को लेकर उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। चार मार्च 14 को उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। जिस पर उसने घरेलू हिंसा का मामला पीलीभीत की एक कोर्ट में दायर किया। नौ दिसंबर 14 को वह तारीख लेकर अदालत से अपने घर रुद्रपुर जा रही थी। रास्ते में पति ने अपने साथी श्रीकृष्ण, रामदास व अन्य की मदद से उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। जिसकी रिपोर्ट थाना बरखेड़ा में दर्ज कराई गई। आरोप है कि अब उसका पति शहर की जोशी कॉलोनी निवासी एक युवती के साथ 27 अप्रैल यानी बुधवार को शादी करने की तैयारी कर रहा है। एएसपी ने तुरंत इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने बताया कि पुलिस को भेजकर शादी का कार्यक्रम रुकवा दिया गया है। आरोपी पति को थाने पर बुलाया गया है।