गांव करमापुर माफी में मकान को लेकर हुए विवाद में परिवार के दो लोगों ने बरेली के एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रवक्ता हरिकृष्ण सक्सेना और उनके भाई की पिटाई कर दी। पुलिस ने प्रवक्ता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
गांव करमापुर माफी निवासी रमेश चंद्र सक्सेना ने बताया कि वह कई वर्षों से नगर के मोहल्ला पटेलनगर में दूसरा मकान बनाकर परिवार समेत रहते हैं। गांव वाले मकान में ताला डाल रखा है। उनका बड़ा पुत्र हरिकृष्ण सक्सेना बरेली के एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवक्ता है, जबकि छोटा पुत्र निर्भय कुमार उनके साथ रहता है। परिवार के ही कुछ सदस्य उनके गांव के मकान पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
शनिवार को हरिकृष्ण और निर्भय गांव करमापुर गए और मकान पर अवैध कब्जा करने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए गांव निवासी शिवसरन और मोहल्ला हबीबुल्ला खां जनूबी निवासी आकिब ने दोनों की पिटाई कर दी। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि प्रवक्ता हरिकृष्ण की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।