टकनपुर हाईवे पर बिथरा गांव के पास हुआ हादसा
पीलीभीत से काम निपटाकर खटीमा जा रहे थे संजय शर्मा
टनकपुर हाईवे पर बिथरा के पास किसी भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय संजय शर्मा की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के बरहा गांव रामनगर कालोनी निवासी 50 वर्षीय संजय शर्मा पिछले करीब डेढ़ दशक से परिवार समेत खटीमा में रह रहे थे। मंगलवार को वह किसी काम से पीलीभीत आए। यहां से देर शाम बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में टनकपुर हाईवे पर बिथरा के पास उनकी बाइक में किसी भारी वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें संजय गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें घायल पड़ा देख राहगीरों ने सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची न्यूरिया पुलिस ने घायल को एंबुलेंस में जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर कुछ ही देर में परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। संजय की पत्नी रेनू ने बताया कि उनके 12 साल का बेटा रितिक है। एसएचओ न्यूरिया मोहम्मद कासिम ने बताया कि संजय के भाई विवेक की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलग-अलग हादसों में कई घायल
मझोला/ अमरिया। अलग अलग स्थानों पर हुए हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। पहला हादसा मंगलवार देर शाम पीलीभीत-अमरिया रोड पर अप्सरा पुल के पास हुआ। गन्ने की फांदी लगने से बाइक सवार उदयपुर गांव निवासी गुलाम सुहानी उर्फ भूरा और सिद्दीक अहमद घायल हो गए। दोनों युवक काम के सिलसिले में पीलीभीत आ रहे थे। इधर, बुधवार सुबह मझोला चौकी के बाहर मैजिक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में खटीमा (उत्तराखंड) के हल्दीफार्म निवासी 40 वर्षीय रमाकांत घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को हिरासत में लेने के साथ मैैजिक को कब्जे में ले लिया गया है।
बीसलपुर। बरेली रोड के गंगापुर चौराहे पर गांव रसूलपुर निवासी विनोद बुधवार को कार की टक्कर लगने पर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा विनोद के चौराहा पार करते समय हुआ। इधर, गांव किशनी निवासी अरविंद बाइक से बीसलपुर आ रहा था। उसके साथ गांव का ही रतन भी था। भड़रिया मोड़ पर बाइक फिसलने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।