न्यूरिया क्षेत्र की एक युवती से सोमवार शाम पांच बजे गांव के रामकिशोर उर्फ धर्मेंद्र ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर मारने की धमकी दी और भाग गया। बेटी से जानकारी लगने पर जब पिता आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचा तो उसके परिवार के लोगों ने युवती के पिता से गाली गलौज की और मारपीट कर भगा दिया। बुधवार को न्यूरिया पुलिस ने पिता से मिली तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के रामकिशोर का उसके घर आना-जाना था। सोमवार को वह काम के सिलसिले में पीलीभीत आए हुए थे। घर पर उनकी बेटी थी। परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। शाम करीब पांच बजे आरोपी रामकिशोर घर में घुस आया और आरोप है कि चाकू के बल पर रामकिशोर ने बेटी से दुष्कर्म किया और भाग निकला। देर शाम घर पहुंचने पर युवती ने अपने साथ हुई दरिंदगी बताई। इस पर वह आरोपी के परिवार वालों से शिकायत करने पहुंचे। यहां आरोप है कि युवती के पिता को आरोपी के परिवार वालों ने गाली गलौज व मारपीट कर भगा दिया। एसएचओ न्यूरिया रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है।