मिल से अनाज की बोरी चुराने वाले गिरोह का सुनगढ़ी पुलिस ने चौकीदार से मिली जानकारी पर भंडाफोड़ किया है। मिल में ही काम करने वाले पांच मजदूर चोरी किया करते थे। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर मिल से चोरी अनाज बरामद किया है।
बीसलपुर रोड स्थित मार्डन राइस इंडस्ट्रीज से पिछले कई दिनों से अनाज की बोरियां चोरी हो रही थीं, जिस पर मिल मालिक राजेश अग्रवाल ने चौकीदार को निगहबानी में लगा दिया। शुक्रवार रात को मिल में पांच लोग गेहूं से भरी बोरियां चोरी कर दीवार कूदकर भागते दिखाई दिए। चौकीदार ने शोर मचाकर लोगों को एकत्र किया, जिसके बाद एक युवक रूपपुर कृपा निवासी लालता प्रसाद को पकड़ लिया गया। उसके पास से एक बोरी गेहूं भी बरामद हुआ। सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले आई। पूछताछ के बाद सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान ने घटना की छानबीन के लिए आसाम चौकी प्रभारी इंद्रजीत सिंह भदौरिया के नेतृत्व में टीम गठित की, जिसमें एसआई ओपी गंगवार, एचसीपी जेपी चौहान, कांस्टेबल बनवारी लाल, रहीसुलहसन, अमित कुमार को लगाया गया। टीम ने रात में ही दबिश देकर गिरोह में शामिल चार अन्य सदस्यों, गांव के ही मजदूर कुंवरसेन उर्फ पंडित, खेमकरन, भगवान दास, धर्मपाल को धर दबोचा। इनके पास से चार बोरी गेहूं बरामद हुआ। सभी को पकड़कर थाने लाया गया। जहां सभी ने पिछले काफी समय से चोरी करने की बात कबूल की। इसके अलावा आरोपियों के पास से एक 312 बोर तमंचा, दो चाकू भी बरामद किए गए। पुलिस ने केस दर्ज कर सभी को चालान कर दिया है।
आपरेटर के घर हुई चोरी में था यही गैंग
दो दिन पूर्व नौगवां पकड़िया गांव के रहने वाले नरेश कुमार के बंद मकान से हुई चोरी की वारदात में भी इसी गिरोह की संलिप्तता बताई गई है। चोरी का खुलासा करने का दावा करते हुए पुलिस ने छह हजार रुपये, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल की बरामदगी आरोपियों की निशानदेई पर की है।
मिल में अनाज चोरी की घटना करने वाले पांच लोग पकड़े गए हैं। उन्होंने पूछताछ के दौरान नौगवां पकड़िया में हुई चोरी कबूली है। बंद घर से चोरी नगदी और जेवर बरामद किए गए हैं। सभी को चालान कर दिया गया है।
- अतुल प्रधान, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर