गांव आजमपुर बरखेड़ा में रहस्यमय ढंग से चार दिन पूर्व गायब हुआ युवक खुद ही बरखेड़ा थाने में पहुंच गया। बरखेड़ा पुलिस की सूचना पर बिलसंडा थाना पुलिस उसे वहां से लेकर आई। पत्नी के नाराज होकर मायके चले जाने से नाराज होकर युवक खुद ही गायब हुआ था। उसने हथेली को ब्लेड से काटकर निकले हुए खून को शर्ट में लगाकर घर के बाहर छोड़ गया था।
गांव निवासी रामशंकर लाल कश्यप का बेटा उमेश 25 जनवरी की रात रहस्यमय ढंग से गायब हो गया था। मकान के बाहर खून से सनी शर्ट मिली थी। परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। मौके पर मिले साक्ष्य और पास पड़ोस के लोगों द्वारा बताई गई कहानी से पुलिस मामले को शुरू से ही संदिग्ध मान रही थी।
बुधवार की शाम उमेश बरखेड़ा थाने खुद पहुंच गया। पुलिस ने बताया कि उसने पहले तो अपने अपहरण होने की बात कही, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर सच उगल दिया। पुलिस को युवक ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले लड़ झगड़कर मायके चली गई थी। पत्नी पर दबाव बनाने के लिए उसने यह नाटक किया।
युवक ने बताया कि हथेली को ब्लेड से काटकर खून को शर्ट में लगाने के बाद उसने ही घर के बाहर छोड़ी थी। रात के वक्त खेत में लगे पुआल के ढेर में जाकर सोया। पुलिस ने उसे घरवालों के सुपुर्द कर दिया। एसओ राजेश यादव ने बताया कि युवक की पत्नी मायके से दो दिन पूर्व ही लौट आई थी। पत्नी के घर आ जाने के बाद ही वह पुलिस के सामने आया।