उधार लिए गए 15 लाख रुपये सर्राफ पुत्र ने धोखाधड़ी कर हड़प लिए। रुपये मांगने पर सर्राफ और उसके पिता ने वकील मोहल्ला गनेशगंज निवासी मुकेश को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकेश गुप्ता की ओर से मोहल्ला चौक निवासी रजत खंडेलवाल और उसके पिता अनिल खंडेलवाल के खिलाफ धोखाधड़ी कर अमानत में खयानत करने, गाली-गलौज कर धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला गनेशगंज निवासी मुकेश गुप्ता ने बताया कि मोहल्ला चौक निवासी सर्राफ पुत्र रजत खंडेलवाल से उसके पारिवारिक संबंध थे। रजत खंडेलवाल ने सात जून को बरेली के व्यापारी को देने को 15 लाख रुपये यह कहते हुए उधार लिए कि आज बैंक बंद है। बदले में उसे पंद्रह लाख रुपये का चेक दिया। 23 जून को चेक को भुगतान के लिए बैंक शाखा में लगाया गया। अगले दिन बैंक कर्मियों ने खाते पर रोक लगी होने का हवाला देकर भुगतान से इनकार कर दिया। कर्मचारियों ने खाते में रुपये न होने की भी उसे जानकारी दी। तब उसे धोखाधड़ी होने की जानकारी हुई। आरोप है कि इसके बाद जब रजत खंडेलवाल के यहां वह रुपया मांगने गया तब रजत व उसके पिता अनिल खंडेलवाल ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुकेश गुप्ता की ओर से रजत खंडेलवाल और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।