एक महिला ने अपने ससुर समेत चार लोगों पर पति की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार सिंह एसओ बरखेड़ा को घटना की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करने के आदेश दिए हैं।
थाना बरखेड़ा के गांव बलियापुर निवासी बुद्धसेन की पत्नी दुर्गावती ने कोर्ट में अर्जी देकर बताया कि पति बुद्धसेन ने गांव में एक एकड़ जमीन उसके ससुर भीमसेन के कहने पर छह सात साल पहले बेच दी थी। उसके बाद वह अपने पिता भीमसेन, बहनोई जमुना प्रसाद, हुलासीराम व मंगली के साथ बाहर काम करने चले गए।
इस बीच भीमसेन ने जिला बरेली के गांव ढकिया स्थित 15 बीघा जमीन अपने दामाद जमुना प्रसाद के षड्यंत्र में फंसकर बेच दी और शेष दो बीघा जमीन अपनी पुत्री पूरनदेई के नाम कर दी। बुद्धसेन ने इस पर एतराज जताया। बुद्धसेन को अपनी ननिहाल ग्राम जरपा में भी आठ बीघा जमीन मिली थी इन लोगों ने साजिश कर वह जमीन भी बिकवा दी और सारी रकम हड़प ली।
कोर्ट में बताया गया कि पति ने छह माह पूर्व अपनी जान को खतरा बताया था और तभी से गांव अलियापुर आते समय इन लोगों ने उसके पति बुद्धसेन का अपहरण कर लिया और उनकी जमीन की धनराशि हड़पकर हत्या कर दी है और शव गायब कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसने थाना बरखेड़ा के कई चक्कर लगाए लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सीजेएम सुनील कुमार सिंह ने एसओ बरखेड़ा को घटना की रिपोर्ट दर्ज विवेचना के आदेश दिए हैं।