फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुर्क ट्रैक्टर न छोड़ने पर किसान ने तहसील में पी लिया जहर

Sat, 25 Aug 2018 11:25 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
दस लाख का बकाया दर्शाकर राजस्व विभाग की टीम शनिवार को दियोरिया क्षेत्र के गांव सौंधा गौटिया के किसान कुलवंत सिंह का ट्रैक्टर कुर्क करके तहसील ले गई। पता चलने पर तहसील पहुंचा किसान अफसरों के सामने गिड़गिड़ाता रहा, मगर कोई बात नहीं बनी तो जहर पी लिया। इसके बाद अफसरों के बीच खलबली मच गई। बड़े अफसरों ने भी किसान की जान बचाने को अस्पतालों की दौड़ लगा दी। परिवार वालों ने राजस्व टीम पर महिलाओं से अभद्रता के आरोप लगाए हैं, डीएम ने इस पर जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। 
विज्ञापन

बीसलपुर तहसील प्रशासन के अनुसार इंडियन बैंक की पीलीभीत शाखा से कृषि कार्य के लिए 55 वर्षीय कुलवंत सिंह ने दस लाख रुपये का लोन लिया था। जमा नहीं करने पर आरसी काट दी गई थी। बृहस्पतिवार को कुर्की के आदेश कर दिए गए। शनिवार को वसूली के लिए तहसील प्रशासन से एक टीम किसान के घर पहुंची और उसके घर पर खड़ा एक ट्रैक्टर कुर्क कर ले आई। उस समय कुलवंत सिंह घर पर नहीं थे। वह किसी काम से पड़ोस के टिकरी गांव गए थे। लौटने पर कुलवंत को जब परिवारवालों ने पूरी बात बताई तो वह सीधे बीसलपुर तहसील पहुंचे। वहां कुलवंत ने कार्यवाही को गलत बताकर ट्रैक्टर छोड़ने की गुहार की लेकिन तहसील प्रशासन कार्रवाई को सही ठहराता रहा। इसके बाद परिसर में ही कुलवंत ने जहरीला पदार्थ (कीटनाशक दवा) पी लिया। 
किसान के जहर पीने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों के बीच खलबली मच गई। आनन फानन में उन्हें पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। डीएम डॉ. अखिलेश मिश्र, एसपी बालेंदु भूषण सिंह समेत कई अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर कुलवंत के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बाद में हालत गंभीर होने पर कुलवंत को बरेली के निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। 
विज्ञापन


बैंक वालों पर गंभीर आरोप
कुलवंत के परिवार वालों ने बताया कि बैंक से सिर्फ एक लाख का ही लोन लिया गया था, हालांकि हाथ में 80 हजार रुपये ही आए थे। आरोप है कि बैंक वालों ने एक लाख की इस रकम को बढ़ाकर दस लाख कर दिया। इसी हेराफेरी पर परिवार वालों ने जमकर गुस्सा किया। 
  
परिवारवालों की ओर से लगाए जा रहे आरोप काफी गंभीर हैं। कागजात चेक कराकर पूरी छानबीन कराई जाएगी। किसान जहरीला पदार्थ कहां से लेकर आया, इसका भी पता लगाया जाएगा। प्रशासनिक टीम की कोई गलती नहीं है, वह सिर्फ आरसी कटने पर अपनी ड्यूटी करने गई थी।
विज्ञापन

- अखिलेश कुमार मिश्र, डीएम  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें