गांव गोपालनगर निवासी शरीफ अहमद के घर पर बदमाशों ने धावा बोल दिया। घर वालों को बंधक बनाकर बदमाश असलहों के बल पर करीब छह तोला सोना सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान लूट ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में खेल करते हुए घर में घुसकर चोरी करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव गोपालनगर निवासी शरीफ अहमद ने बताया कि वह सोमवार रात परिवार समेत कमरे में सो रहे थे। बाहर उसके मामू मोहम्मद फारूख और ममेरा भाई आमिर सो रहा था। रात करीब 12.30 बजे दीवार कूदकर बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने सबसे पहले बाहर सो रहे मामू और ममेरे भाई और उनकी मामी को असलहों के बल पर बंधक बना लिया। बाद में सभी के चादरों और कपड़ों से हाथ बांध दिए और जल रही डिब्बी बुझा दी। डिब्बी बुझाने के बाद बदमाश उसके कमरे में घुस आए और उसकी पत्नी की कनपटी पर तमंचा सटाकर जेवर उतरवाकर सामान खंगालने लगे। पड़ोस में खड़े दो बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। बाहर तीन-चार बदमाश बंधक बने रिश्तेदारों के पास तमंचे लिए खड़े रहे। एक बदमाश मेन दरवाजे पर खड़ा था। सभी बदमाश ढाटा बांधे हुए थे। बदमाश एक सोने का हार, झुमकी, सोने का पैंडिल सहित करीब छह तोला सोना और चांदी की अंगूठी, पायल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाशों ने परिजनों को एक कमरे में बंद कर दिया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया। शोर पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे एसओ रेहान खां ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। एसओ रेहान खां ने बताया कि चोरी की घटना है। गृहस्वामी की तहरीर पर घर में घुसकर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।