- पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज की रिपोर्ट
शहर की एक लैब संचालिका ने आरोप लगाया है कि खून जांच की फीस मांगने पर एक व्यापारी नेता ने धमकाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोप है कि व्यापारी नेता ने घर पहुंचकर उससे छेड़छाड़ कर धमकाया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर व्यापारी नेता और उसके एक साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मूलरूप से केरल निवासी एक महिला लेबोरेटरी टेक्नीशियन है। महिला नगर में एक पैथालॉजी लैब की संचालिका है। महिला का आरोप है कि करीब ढाई साल पहले लैब पर आए व्यापारी नेता राजेंद्र आर्य ने खून की जांच कराई। फीस मांगने पर धमकाने लगे। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आए दिन तहसील दिवस में झूठी शिकायतें की गईं। साथ ही पांच लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई। आरोप है कि तीस जून को पति की गैरमौजूदगी में उसके घर आए व्यापारी नेता ने पंद्रह-बीस हजार रुपये महीना देने का दबाव बनाते हुए छेड़छाड़ की। शोर-शराबा होने पर लैब के कर्मचारियों के आने पर व्यापारी नेता धमकाते हुए चले गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर व्यापारी नेता राजेंद्र आर्य और उनके एक साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नगर में गलत ढंग से चल रही लैब की शिकायत की गई थी। इस पर लैब संचालिका ने तमाम आरोप लगाते हुए तहसील दिवस और अन्य अफसरों से शिकायत की। जांच में सभी शिकायतें झूठी पाई गईं थीं। महिला का छेड़छाड़ का आरोप निराधार है।
- राजेंद्र आर्य, व्यापारी नेता