गांव बारातबोझ निवासी शब्बीर खां के 20 वर्षीय पुत्र जाकिर की टेंट में लगे
लोहे के पाइप में उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। शनिवार को उसके
तहेरे भाई का निकाह था। हादसे से निकाह की खुशियां पल भर में काफूर हो गईं।
घरवालों ने शव को जमींदोज कर दिया है। घर के तीन-चार सदस्यों ने कन्या
पक्ष के घर शाम को पहुंचकर निकाह की रस्म अदा कराई।
गांव बारातबोझ
निवासी शब्बीर खां ने बताया कि पुत्र जाकिर के तहेरे भाई की बारात शनिवार
को शेरपुर जानी थी। शुक्रवार की रात एक कार्यक्रम होने के कारण घर के बाहर
टेंट लगा था। टेंट के पाइप में बंधी केबिल कटी होने से उतरे करंट से उनके
पुत्र की मौत हो गई। हादसे की जानकारी तड़के सुबह करीब 3.30 बजे तब हुई। जब
उसका छोटा भाई शाकिर घर से निकला। उसकी नजर पाइप से सटे जाकिर पर पड़ी।
उसने जब उसे हिलाया तो वह गिर गया।
हादसे की जानकारी पर घर में कोहराम
मच गया। पल भर में खुशियां मातम में बदल गईं। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर
जुट गई। घर वालों ने गमगीन माहौल में शव को जमींदोज कर दिया। शब्बीर ने
बताया कि तीन-चार लोग कन्या पक्ष के घर पहुंचकर निकाह की रस्म अदायगी की
है। मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तीन बहनें रूबीना, शबीना व निशा
हैं। मां रहीसन व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।