एसपी ने मामले की जांच सीओ को सौंपी
बिलसंडा की ग्राम पंचायत उदयपुर खुर्द के प्रधान के साथ की अभद्रता
एसपी से मिलकर ग्राम प्रधानों ने की कार्रवाई की मांग
ब्लॉक बिलसंडा की ग्राम पंचायत उदयपुर खुर्द के ग्रामप्रधान ने थाना बिलसंडा पर तैनात एक दरोगा पर सार्वजनिक रूप से गालीगलौज करने और एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया है। क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों के साथ पुलिस लाइन पहुंचे ग्रामप्रधान ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ बीसलपुर को जांच सौंपी है।
मंगलवार को ब्लॉक बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के साथ पुलिस लाइन पहुंचे ग्राम पंचायत उदयपुर खुर्द के प्रधान ओमप्रकाश एसपी से मिले। उन्होंने एसपी को तहरीर देकर बताया कि ग्राम समाज की जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने की नीयत से मौके पर जाते हैं। इसको लेकर आरोपियों को मना किया गया था। इस जमीन का अदालत में भी मुकदमा चल रहा है। इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने एसपी को बताया कि थाना बिलसंडा पर तैनात एक दरोगा ने आरोपियों से मिलकर उन्हें गांव में बेइज्जत किया। अभद्र व्यवहार कर गालीगलौज की। विरोध किया तो एनकाउंटर करने की धमकी दी। दरोगा द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की जानकारी जब आसपास के ग्राम प्रधानों को हुई तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। मंगलवार को पीड़ित ग्राम प्रधान के साथ आकर रामप्रताप, सुभाष, रामनिवास, वेदप्रकाश सहित तमाम प्रधान पुलिस लाइन पहुंचे और एसपी से मिलकर घटना पर रोष जताया और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोप गंभीर है। अगर दरोगा ने जनप्रतिनिधि के साथ गलत व्यवहार किया है तो काफी निंदनीय है। उन्होंने मामले की जांच सीओ बीसलपुर को दी है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।