एक लाख की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला पर ढहाया जुल्म
विवाहिता की तहरीर पर पति समेत नौ ससुरालियों पर केस दर्ज
दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने दुधमुहे बच्चे को मां से अलग कर दिया। ससुरालियों ने बच्चे को छीन लिया और मां को मारपीट कर घर से निकाल दिया। यही नहीं बिना मांग पूरी किए वापस आने पर जान से मारने की धमकी दे डाली। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत नौ पर केस दर्ज कर कानूनी शिकंजा कसा है।
माधोटांडा क्षेत्र के कलीनगर निवासी शमशाद की पुत्री शबाना बेगम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 26 मार्च 2014 को पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ढका निवासी एजाज अहमद से हुआ था। निकाह के बाद से ससुराल वाले दिए गए दहेज से नाखुश थे। एक लाख रूपये नगद की मांग को लेकर उसको प्रताड़ित करते थे। 16 अगस्त को विवाहिता ने एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। आरोप है कि बेटे के जन्म के कुछ दिन बाद ही ससुरालियों पर उन्होंने दुंधमुहे बच्चे को छीन लिया और विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। बिना एक लाख नगद लाए वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के परिवारीजनों ने सुलह के प्रयास किए, लेकिन एक न सुनी। पीड़ित महिला ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ वीके पटेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति एजाज अहमद, ससुर गफ्फार खां, सास शबनम बानो, ननद सितारबानो, नंदोई मुख्तियार अहमद, यासीन, शरीफ बानो, अख्तियार देवर, हनीफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।