दियोरिया कोतवाली के गांव
बिहारीपुर में 16 वर्षीय प्रिंस की हत्या के बाद उसके गायब पिता ध्रुव
कुमार का दूसरे दिन भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी। पीएम रिपोर्ट, कॉल
डिटेल व मृतक किशोर की मां के बयान ने इसे और उलझा दिया है। लेकिन पुलिस अब
भी सिर्फ मृतक किशोर के पिता को ही हत्यारोपी मानकर महज उसकी गिरफ्तारी के
प्रयास की ही बात कह रही है। अन्य पहलुओं की पड़ताल भी नहीं कर रही है।
पीएम रिपोर्ट-मां के बयान में अंतर
मृतक
प्रिंस की मां ममता देवी ने सोमवार को मीडिया को बताया था कि वह सुबह चार
बजे के आसपास शौच के लिए खेत जाते समय प्रिंस को बाहर से आवाज लगा कर जगाया
था। प्रिंस ने भी जग जाने की अहसास कराया था। इसके बाद वह शौच को चली गई।
जब लौटी तो उसके पुत्र की बिस्तर पर गर्दन कटी लाश पड़ी थी।
पति ध्रुव
कुमार गायब था। जबकि पीएम रिपोर्ट में प्रिंस की मौत दो बजे से ढाई बजे के
बीच होना बताई गई है। सवाल यह उठता है कि अगर प्रिंस की हत्या ढाई बजे के
करीब हुई तो चार बजे ममता की आवाज पर कमरे के अंदर से किसने जवाब दिया ?
अगर वह ध्रुव कुमार था तो क्या हत्या के डेढ़ घंटे बाद तक वह वहीं कमरे में
रुका रहा या फिर कोई और ? इसका जवाब पुलिस के पास भी नहीं है।
गंभीर नहीं पुलिस
पुलिस
सोमवार को भी सिर्फ दर्ज रिपोर्ट के हिसाब से काम कर रही थी और मंगलवार को
भी उसी ढर्रे पर चली। ध्रुव कुमार का फोन गांव के किस व्यक्ति के फोन पर
आया इसका पता लगाने की पुलिस ने दूसरे दिन भी कोशिश नहीं की।
ध्रुव कुमार
की कॉल डिटेल के बारे में कोतवाल डीके तिवारी सिर्फ इतना बताते हैं कि 6.30
बजे तक उसके फोन की लोकेशन गांव में मिली है। गांव के एक व्यक्ति को जब
उसने फोन कर जुर्म कबूला था तब उसके फोन की लोकेशन क्या थी? इसकी जानकारी
उन्हें नहीं है।
6.30 बजे तक गांव में कहां रहा ध्रुव?
पोस्टमार्टम
रिपोर्ट में यह है कि प्रिंस की हत्या दो से ढाई बजे के बीच हुई। वहीं
पुलिस ध्रुव कुमार की कॉल डिटेल के आधार पर उसकी लोकेशन 6.30 बजे तक गांव
में होना बता रही है।
गांव के अधिकतर लोग सुबह पांच बजे तक जग जाते हैं।
महिलाएं और पुरुष भी शौच को जाने लगते हैं। प्रिंस की मां भी छह बजे शौच से
लौट आने की बात कह रही है। 6.30 तक अच्छा खासा उजाला भी हो जाता है। ऐसे
में ध्रुव कुमार गांव में कहां छिपा रहा ? इसकी भी पड़ताल पुलिस ने करना
जरूरी नहीं समझी।
जो रिपोर्ट लिखी, वही सही दिशा
प्रिंस की
मां द्वारा अपने देवर से विवाद पर लगाए गए आरोपों से इस घटना से कोई लेना
देना नहीं है। इसलिए उसकी जांच भी जरूरी नहीं है। दर्ज रिपोर्ट की तहरीर के
आधार पर ही पुलिस मामले की जांच कर रही है। वही सही है। ध्रुव कुमार की
गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- डीके तिवारी, कोतवाल दियोरिया कलां