नेपाल से लाई गई आधा किलोग्राम चरस लेकर दिल्ली जा रहे सीलमपुर नई दिल्ली निवासी अमरजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह कैरियर के रूप में चरस लेकर दिल्ली पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।
एसओ रेहान खां ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी कि माधोपुर चौराहा के पास एक संदिग्ध युवक खड़े होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को दबोच लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास 500 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अमरजीत सिंह निवासी सीलमपुर नई दिल्ली बताया। एसओ के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह नई दिल्ली के रजौरी गार्डेन निवासी दो सगे भाइयों, कुलविंद सिंह और इंदरपाल सिंह, हाजी उस्मान व मोतीनगर निवासी राजेंद्र शर्मा के लिए कैरियर के रूप में चरस ले जाने का काम करता है। उसने नेपाल बार्डर से चरस ली थी और सितारगंज के रास्ते लेकर दिल्ली जा रहा था। वह इससे पहले भी दो बार चरस ले जा चुका है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। एसओ ने बताया कि पुलिस प्रकाश में आए नामों की जांच कर रही है।