दिल्ली से चोरी हुई एक स्कूटी और बाइक बरामद
हजारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रामनगर रपटा पुलिया से की गिरफ्तारी
मुखबिर की सूचना पर हजारा पुलिस ने आटो लिफ्टर गैंग के दो सदस्यों को धर दबोचा। इनके पास से दिल्ली से चोरी एक स्कूटी और मोटर साइकिल बरामद हुई है। आरोपी चोरी के वाहनों का नेपाल में सौदा करने जा रहे थे।
रविवार को हजारा पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के दो शातिर आटो लिफ्टर चोरी के दुपहिया वाहनों का सौदा करने के लिए नेपाल की ओर जा रहे है। सूचना पर एसओ हजारा इंद्र कुमार, एचसीपी सलीम, कांस्टेबल मोहम्मद यूसुफ, मुसाहिद, मोहम्मद अली के साथ रामनगर रपटा पुलिया के पास पहुंचे और घेराबंदी शुरू कर दी। बैरियर लगाकर एकाएक वाहनों को रोककर चेकिंग की गई। इस दौरान हजारा क्षेत्र के टोपी फार्म निवासी मंगा सिंह और क्षेत्र के ही श्रीनगर के रहने वाले रमेश को रोका। इसपर इनके पास से चोरी की एक स्कूटी और एक मोटर साइकिल बरामद हुई। कागजात चेकिंग करने पर दोनों घबरा गए और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। दोनों को पकड़कर थाने लाया गया। जहां मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया गया है।
पकड़ न हो, इसलिए लिखाया फर्जी नंबर
पुलिस को चोरी की बाइक की पहचान न हो इसलिए मंगा सिंह ने बाइक पर फर्जी नंबर लिखवा रखा था। जबकि स्कूटी पर कोई नंबर ही नहीं पड़ा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एजी सीरीज का नंबर पीलीभीत के रजिस्ट्रेशन से पड़ा देखा तो दंग रह गई। इस सीरीज के नंबर की जिले में शुरूआत ही नहीं हुई है। इस पर पुलिस को शक हुआ और दोनों हत्थे चढ़ गए।
अन्य साथियों की तलाश में दबिशें
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता लगा है कि यह एक गैंग बनाकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। जिसमें जिले के ही नहीं बल्कि गैर जनपद के भी लोग शामिल है। शाहजहांपुर, बरेली के अलावा उत्तराखंड के कुछ युवकों का नाम भी प्रकाश में आया है। अब पुलिस ने प्रकाश में आए साथियों की धरपकड़ की तैयारी तेज कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर दो आटो लिफ्टर पकड़े गए है। इनके पास से एक स्कूटी और बाइक बरामद हुई है। मुकदमा दर्ज कर दोनों का चालान कर दिया गया है। कुछ नाम प्रकाश में आए है, जिन पर काम किया जा रहा है।
राजेश्वर सिंह, सीओ पूरनपुर