शाहजहांपुर हाइवे पर तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर घायल हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, पुलिस ने चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जिला बुलंदशहर के अलीनगर गिरौरा गांव निवासी महावीर सिंह डीसीएम लेकर शनिवार सुबह 6.30 बजे बीसलपुर होते हुए शाहजहांपुर जा रहे थे। डीसीएम जिला गाजियाबाद के थाना पिलखुआ क्षेत्र के गांव नगौला अमीरपुर निवासी 23 वर्षीय अजरूद्दीन चला रहे थे। हाइवे पर गांव चठिया सेवाराम के पास पहुंचते ही डीसीएम अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे शीशम के पेड़ से टकरा गई। इसमें चालक अजरूद्दीन की मौके पर मौत हो गई और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त डीसीएम को तोड़कर शव बाहर निकाला। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। घायल को सरकारी अस्पताल भर्ती कराया गया, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त कर घरवालों को बुलाया गया। परिवारीजनों के आने के बाद
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।