अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी व पुलिस विभाग की टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी। टीम ने तीन माह पूर्व नानकमत्ता से चोरी हुए महेंद्रा अर्जुन ट्रैक्टर को थाना अमरिया के गांव उड़रा में एक गड्ढे के अंदर से बरामद कर लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी कर लाने के आरोप में मौसेरे दो भाईयों समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर चालान भेजा है।
एसओ विजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गांव उड़रा में कच्ची शराब पकड़ने के लिए छापेमारी करने गई थी। इस दौरान टीम ने गांव निवासी हरप्रीति सिंह उर्फ हैप्पी के घर के पास छापा मारा। छापे के दौरान 55 लीटर अवैध शराब व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। टीम ने पड़ोस में लगे पुआल के ढेर में शक होने पर जब लोहे की राड डाली तो खट-खट की आवाज हुई। इस पर पुआल हटाकर देखा गया तो उसके नीचे बने गड्ढे से ट्रैक्टर बरामद हुआ। एसओ ने बताया कि ट्रैक्टर के संबंध में जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपने मौसेरे भाई गांव बरादुनवा निवासी राजवीर सिंह व उसके पिता कुलदीप सिंह के साथ ट्रैक्टर नानकमत्ता से दीपावली के मेले में लगे स्टेंड से चोरी कर लाने की बात कबूल की।
एसओ ने बताया कि चोरी गया ट्रैक्टर जिला ऊधमसिंहनगर के थाना बाजपुर के गांव बैरिया दौैलत निवासी सुरेंद्र सिंह का निकला। जिसकी रिपोर्ट नानकमत्ता थाने पर दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।