इमेज कॉरिअर प्राइवेट लिमिटेड बरेली शाखा में चेकों के साथ हेराफेरी कर सात लाख 74 हजार 500 रुपये निकाले जाने के मामले में क्राइम ब्रांच टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए अनिल उर्फ अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इमेज कॉरिअर प्राइवेट लिमिटेड शाखा बरेली के मैनेजर मानव सक्सेना ने 16 जनवरी 14 को शहर कोतवाली में अमरोहा जिले के गजरौला निवासी स्वराज सिंह, कार्तिक दत्त, राहुल, टीटू और अनिल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें आरोपियों पर चार चेकों में अंकित धनराशि के साथ छेड़छाड़ कर कुल सात लाख 74 हजार 500 रुपये दर्शाकर जलालुद्दीन के खाते में जमा करने और बाद में खाते से रुपया निकाल लेने का आरोप लगाया था। मामले की विवेचना कोतवाली के दरोगा लज्जाराम को दी गई। विवेचक ने स्वराज और कार्तिक को गिरफ्तार कर चार्जशीट अदालत में दाखिल की। शेष आरोपियों को बरी कर दिया। शिकायत होने पर एसपी ने मामले की विवेचना क्राइम ब्रांच की इंवेस्टीगेशन टीम प्रभारी सुभाष त्यागी को सौैंपी थी। इंस्पेक्टर सुभाष त्यागी ने बताया कि विवेचना के दौरान पाया गया कि इस मामले में जलालुद्दीन भी दोषी था। धोखाधड़ी कर चेक जमा करने के बाद अनिल ने अभय और राहुल ने अंकित बनकर फर्जी आईडी लगाकर खाता खुलवाया और जलालुद्दीन के खाते से अभय और अंकित के नाम के खाते में रकम ट्रांसफर कर ली थी। उन्होंने बताया कि जलालुद्दीन को क्राइम ब्रांच पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अनिल उर्फ अभय को पुलिस ने नौगवा चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों टीटू और राहुल उर्फ अंकित को गिरफ्तार करने के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।